|

स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की व्यवस्थाओं में 'कैंसर' : सीटी स्कैन, MRI, 2D इको जांच और रेफरेंस के लिए 17 KM दूर SMS हॉस्पिटल जाना पड़ता है

 


सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के तहत चलने वाले स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (एससीआई) में कैंसर के मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन यहां की प्रशासनिक व्यवस्थाएं खुद ही बीमार नजर आ रही हैं। ओपीडी या आईपीडी में दिखाने आने वाले मरीजों को सीटी स्कैन, एमआरआई, 2डी-ईको जैसी जांचों के लिए या किसी अन्य विभाग से रेफरेंस लेने के लिए करीब 17 किलोमीटर दूर एसएमएस हॉस्पिटल जाना पड़ता है। जबकि एमआरआई को छोड़कर बाकी जांचें और रेफरेंस की सुविधा एससीआई से सटी आरयूएचएस हॉस्पिटल की इमारत में ही उपलब्ध हैं।

इस कारण कई बार तो मरीज 1 से 2 दिन तक भर्ती ही नहीं हो पाते। क्योंकि ओपीडी में दिखाने के बाद उनको सीटी स्कैन, MRI, 2डी-ईको जैसी जांचों के लिए SMS के धक्के खाने पड़ते हैं। इन जांचों को करवाने के बाद वे मरीज भर्ती ​की प्रक्रिया करवाते हैं। सोनोग्राफी करवाने के लिए 10-10 दिन का इंतज़ार करना पड़ता है | 

दो दिन से काट रहे है SMS के चक्कर

सवाई माधोपुर के पास गंगापुर सिटी एरिया से आई एक 73 साल की बुजुर्ग महिला जो कैंसर से पीड़ित है वह अपने बेटे के साथ 10 दिसंबर को दिखाने SCI आए, जहां डॉक्टरों को दिखाने के बाद उनको भर्ती करने के लिए कहा गया। लेकिन भर्ती से पहले सीटी स्कैन, MRI, 2डी-ईको जांच लिखी। इन जांचों को करवाने के लिए मरीज और उनके पुत्र दो दिन से SMS में चक्कर लगाते रहे। जांचें 12 दिसंबर को पूरी होने के बाद अब भर्ती की प्रक्रिया शुरू करवाएंगे।


बुजुर्ग महिला के साथ आए उनके बेटे ने बताया- यहां हॉस्पिटल में डॉक्टर को दिखाने
में ज्यादा समय नहीं लगा, लेकिन इन जांचों को करवाने के लिए SMS हॉस्पिटल आने-जाने और वहां टाइम लेने में ढ़ाई दिन का समय लग गया। उन्होंने कहा, कि सरकार ने इतना बड़ा हॉस्पिटल यहां बनवा रखा है, तो इन जांचों की सुविधा भी अगर करवा दें तो मरीज को 17 किलोमीटर दूर जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

                                       (स्टेट कैंसर हॉस्पिटल, RUHS प्रताप नगर, जयपुर)

रेफरेंस के लिए मरीज फाइल लेकर काटते हैं चक्कर

ये परेशानी जांच तक ही सीमित नहीं है। जो मरीज भर्ती हैं और उनको कैंसर के अलावा दूसरी क्रॉनिकल डिजीज (हार्ट, शुगर, किडनी, लिवर आदि) है तो उससे संबंधित डॉक्टर से परामर्श (रेफरेंस) के लिए परेशान होना पड़ता है। कैंसर के इलाज के दौरान इन बीमारी से संबंधित रेफरेंस लेने के लिए भी मरीजों के परिजनों को SMS आना पड़ता है।

RUHS में ये सुविधा, लेकिन फिर भी दौड़ा रहे है 17KM दूर

सिटी स्कैन, 2डी ईको जांच की सुविधा SCI से लगती आरयूएचएस हॉस्पिटल की बिल्डिंग में उपलब्ध है। इसके अलावा इस हॉस्पिटल में जनरल सर्जरी, जनरल मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, ईएनटी की यूनिट संचालित है। हार्ट की बीमारी से संबंधित रेफरेंस के लिए मरीजों को यहां भी भेजा जा सकता है। लेकिन न तो यहां रेफरेंस की कोई व्यवस्था कर रखी है और न ही SCI से सीटी स्कैन करवाने के लिए आने वाले मरीजों की जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post